Abhi Bharat

सीवान : आंदर में वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ’त, ह’त्या के आरोपी को गिरफ्तार करने पर पुलिस पर हमला

सीवान || जिले के आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत के बाद शनिवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण किया तथा एफएसएल टीम से जांच कराई.

मिली जानकारी के अनुसार, आंदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हसनपुरवा गांव निवासी पनमती देवी की फांसी लगने से मौत हो गई है. घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतका के पुत्र और पुत्रवधू पर हत्या का आरोप लगाया. सूचना मिलते हीं आंदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के आरोप के आधार पर मृतका के पुत्र बब्लू यादव एवं उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस बल और पुलिस वाहन पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए तथा पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया.

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, सदर-2, मैरवा समेत अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपितों को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में लिया गया. पुलिस अधीक्षक, सीवान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम से जांच कराई. वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply