सीवान : रोडरेज में फिर गोलीबारी, बारात के परिछावन की भीड़ से नाराज बाइक सवार अपराधियों ने वीडियोग्राफर को मारी गोली, दो गिरफ्तार
सीवान || जिले में एकबार फिर से रोडरेज में गोलीबारी की घटना सामने आई है. घटना गौतम बुद्ध नगर थाना क्षेत्र के उसरी गांव की है, जहां गुरुवार की शाम एक बारात के परिछावन के समय रास्ता न मिलने पर बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दे दिया और मौके से फरार हो गए. वहीं अपराधियों की गोली परिछावन की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी कर रहे युवक को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हालांकि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम चार बजे के करीब उसरी गांव निवासी रामनाथ साह के बेटे की बारात छपरा जिले के लिए घर से निकली थी. बारात में परिछावन की रस्म के लिए दूल्हे की गाड़ी के साथ महिलाओं की भीड़ गीत गाते हुए चल रही थी. इसी दौरानेक बाइक पर सवार तीन युवक आए. बारात और परिछावन कर रही महिलाओं की भीड़ से सड़क पर जाम लग गई थी. जिससे नाराज बाइक सवार युवकों ने कमर से पिस्टल निकालकर वहां फायरिंग शुरू कर दी. वहीं परिछावन की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी कर रहे युवक को एक गोली जाकर लग गई, जिससे वह वहीं सड़क पर गिर गया. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी बाइक लेकर वहां से भाग निकले. वहीं आनन फानन में घायल कैमरामैन को सीवान सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसकी स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. घायल वीडियोग्राफर सीवान के बरहन गोपाल निवासी नितिन कुमार बाताया गया है जो शादी-ब्याह में वीडियोग्राफी का काम करता है.

वहीं घटना की जानकारी मिलते हीं सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने गौतम बुद्ध नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले में शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो युवकों को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे युवक की तलाश में छापेमारी जारी है. गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों में से एक उसरी गांव के गिरी टोला निवासी संजय गिरी का पुत्र सुमित कुमार उर्फ विधि गिरी तथा दूसरा अवधिया टोला निवासी गोरख प्रसाद का पुत्र संदीप सिंह हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह के साथ ब्यूरो रिपोर्ट).