कैमूर : शराब के नशे में धुत फॉर्च्यूनर सवार ने मचाया कोहराम, ग्रामीणों ने लूटी शराब
कैमूर /भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां शुक्रवार को नेशनल हाईवे 19 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बनारस की ओर से आ रही पटना नंबर की एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने जमकर उत्पात मचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटना नंबर की इस लग्जरी कार ने सबसे पहले मोहनिया के उपवन होटल के समीप एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मारी, इस हादसे में ई-रिक्शा चालक का हाथ टूट गया, जिसका उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है.

हादसे के बाद चालक कार लेकर तेजी से पटना मोड़ की ओर भागा. वहां उसने एक बाइक सवार को टक्कर मारकर गिरा दिया, जिससे वह चोटिल हो गया. लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देख स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, लोगों ने कार का पीछा कर उसे पटना मोड़ के पास घेर लिया. ग्रामीणों के अनुसार कार रुकते हीं भीड़ ने उसमें रखी शराब की पेटी पर धावा बोल दिया और ग्रामीणों ने गाड़ी में मौजूद शराब की सारी बोतलों को लूट लिया.

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के पहुंचने तक अधिकांश शराब लूटी जा चुकी थी. पुलिस ने मौके से बिना ढक्कन की एक बोतल बरामद की है, जिसमें शराब का कुछ अंश मौजूद था. मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि गाड़ी से एक बिना ढक्कन वाली शराब की बोतल मिली है, जिसकी जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि फॉर्च्यूनर में मौजूद एक व्यक्ति अत्यधिक नशे की हालत में पाया गया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. फिलहाल, गाड़ी को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).