सीवान : प्रेमी से विवाद के बाद युवती चढ़ी मोबाइल टावर पर, पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद नीचे उतारा
सीवान || जिले के चैनपुर मुख्य बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती को टावर पर चढ़ते देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया.

मिली जानकारी के अनुसार, किशुनबारी गांव निवासी युवती का उसी गांव के युवक रौशन यादव के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. मंगलवार को युवती चैनपुर स्थित एक निजी लाइब्रेरी में पढ़ने आई थी, जहां उसकी मुलाकात रौशन यादव से हुई. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के बाद युवती ने युवक पर दबाव बनाने के उद्देश्य से बाजार स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया और देखते हीं देखते युवती टावर पर करीब 60 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे की है. लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक एक युवती को टावर पर चढ़ते देखा गया. जब तक लोग उसे रोकने पहुंचे, वह काफी ऊपर चढ़ चुकी थी. युवती के पीठ पर स्कूल बैग था और उसने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था.
वहीं घटना की सूचना मिलते हीं चैनपुर ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया. करीब ढाई से तीन घंटे तक पुलिस द्वारा माइकिंग कर युवती को समझाया जाता रहा, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं थी. अंततः टावर के कर्मचारी को मौके पर बुलाया गया, जिसने साहस दिखाते हुए टावर पर चढ़कर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया. इस दौरान बाजार में भारी भीड़ लगी रही और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. वहीं चैनपुर ओपी थाना प्रभारी विजय रंजन ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल, युवती सुरक्षित है और स्थिति नियंत्रण में है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).