सीवान : रघुनाथपुर में दारोगा और महिला सिपाही के आपत्तिजनक अवस्था का वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में दो गिरफ्तार
सीवान || जिले के रघुनाथपुर थाना के एक दरोगा और महिला सिपाही के आपत्तिजनक अवस्था का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

सीवान पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 19 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया पर पुलिस कर्मियों से संबंधित एक आपत्तिजनक कथित वीडियो असामाजिक तत्वों द्वारा बनाकर वायरल किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना में कांड दर्ज कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया गया. जांच के क्रम में वीडियो बनाने एवं उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने वाले आरोपियों की पहचान की गई. तत्पश्चात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के रधुनाथपुर निवासी अफरोज अली (पिता- मुन्ना मियां) एवं सरफराज खान (पिता- जुल्फकार खान) शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. इस कार्रवाई में साइबर थाना के थानाध्यक्ष एवं कर्मी, रघुनाथपुर थाना पुलिस तथा जिला आसूचना इकाई, सीवान की टीम शामिल रही. वहीं पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए चेतावनी दी है कि किसी भी संवेदनशील या आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा या वायरल करने से बचें. इस प्रकार की गतिविधि कानूनन अपराध है और दोषियों के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).