सीवान : लाइन चेक कर रहे रेलवे कर्मचारी की ट्रेन की चपेट में आकर मौ’त
सीवान || जिले से बड़ी खबर है, जहां रेलवे विभाग में कार्यरत सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ पश्चिम) के अधीन सीवान यार्ड गैंग में कार्यरत कर्मचारी संतोष कुमार राय की ड्यूटी के दौरान हादसे में मौ’त हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार राय अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे और लाइन चेक करते हुए सीवान से पचरुखी की ओर जा रहे थे, तभी अप लाइन में आ रही गाड़ी संख्या 75103 की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एनई रेलवे मजदूर यूनियन, सीवान शाखा के शाखा मंत्री विनोद रंजन गिरी एवं शाखा अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी कर्मचारियों के सहयोग से घायल कर्मचारी को तत्काल सिवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यूनियन के पदाधिकारियों ने तत्काल वाराणसी स्थित कार्मिक विभाग को घटना की सूचना दी. साथ हीं, दाह संस्कार हेतु 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई. इसके अलावा, अनुग्रह अनुदान (एक्स-ग्रेशिया) के तहत मिलने वाली 25 लाख की सहायता राशि की कागजी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक एनई रेलवे मजदूर यूनियन के सभी पदाधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे. इस दुखद घटना पर यूनियन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे मृतक के परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान करेगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).