गोपालगंज : सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौ’त, परिवार में मचा कोहराम
गोपालगंज || जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसेहरी बाजार के सुआरहा मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब बालू से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और बाइक सवार युवक को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर हीं दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान मुसेहरी बाजार निवासी नून्नू मद्धेशिया के पुत्र गोलू मद्धेशिया के रूप में की गई है.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
वहीं घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उधर, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).