Abhi Bharat

सीवान : भारतरत्न डॉ भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर डीएम-एसपी सहित अधिकारियों ने किया माल्यार्पण, जिला प्रशासन द्वारा संगोष्ठी आयोजित

सीवान || भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 135 वीं जयंती पर गोपालगंज मोड़ पर अवस्थित भारत रत्न बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के साथ जिला के वरीय पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया गया. जयंती समारोह का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तथा अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.

वहीं जिला प्रशासन द्वारा आंबेडकर संवाद कक्ष में एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया. संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने शिरकत किया. आंबेडकर संवाद कक्ष में तथा प्रांगण में स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पण किया गया. संगोष्ठी में आगत अतिथियों का स्वागत सामान्य शाखा प्रभारी शालू कुमारी ने किया जबकि आभार ज्ञापन उपसमाहर्ता जूली कुमारी ने किया. वहीं मंच संचालन वीनस दीक्षित ने किया. संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के विचारों को गंभीरता से समझे जाने की आवश्यकता है. उन्होंने तमाम सामाजिक विसंगतियों का सामना किया. लेकिन, समस्या की बजाय समाधान को उन्होंने वरीयता दिया और बौद्धिकता, तार्किकता को सम्मान दिया. उन्होंने एक ऐसे भारतीय संविधान के प्रारूप को रचा, जो समय के साथ उत्पन्न चुनौतियों का सामना करते हुए भी आज एक मजबूत भारत के निर्माण का सशक्त आधार बना हुआ है. बाबा साहेब के समानता के संदेश को हर स्तर पर लागू करने के लिए सार्थक प्रयासों की आवश्यकता है. बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि यहीं हो सकती है कि हम उनके सिद्धांतों, विचारों को सम्मान दें और बेहद गंभीरता से समाज में समानता के संचार में सकारात्मक भूमिका निभाएं. केंद्र सरकार और राज्य सरकार की समाज में समानता को कायम करने वाली योजनाओं को संजीदगी और समर्पित प्रयास से लागू करने के लिए हम सभी कृतसंकल्पित हैं. हम सभी को बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि बाबा साहेब के विचार हमारा मार्गदर्शन करते हैं कि समाज में हम कैसे सकारात्मक योगदान कर सकते हैं. डीडीसी मुकेश कुमार ने कहा कि निश्चित तौर पर अभी भी समाज में समानता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें बहुत काम करना है. हमें बाबा साहेब के विचारों से सीख लेना चाहिए, गोष्ठी को सिविल सर्जन श्रीनिवास कुमार, डीएसओ सीमा कुमारी, ओएसडी बालेंदु पांडेय, सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने भी संबोधित किया.

मौके पर पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, डीडीसी मुकेश कुमार सहित उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग उपेन्द्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश दत्त पाठक एवं प्रोफसर ए हक सहित अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहें. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply