Abhi Bharat

सीवान : रघुनाथपुर में संगठन की मजबूती को लेकर भाजपा का एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित

सीवान || जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रघुनाथपुर पूर्वी मंडल द्वारा अशोका पैलेस, मुरारपट्टी में एक दिवसीय कार्यशाला का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सुदृढ़ बनाना, कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें संगठनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा.

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं. संगठन की जड़ें जितनी मजबूत होंगी, उतना ही पार्टी का विस्तार होगा. बूथ स्तर पर मजबूती ही हमारी सफलता की कुंजी है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करना चाहिए. वहीं पूर्व एमएलसी सह पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यशालाएं केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होतीं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं को नई दिशा, नई सोच और नई ऊर्जा देने का सशक्त माध्यम होती हैं. जब कार्यकर्ता प्रशिक्षित और जागरूक होते हैं, तब संगठन स्वतः मजबूत होता है. हमें पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए और समाज के हर वर्ग के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए.

कार्यशाला के दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ प्रबंधन को प्रभावी बनाने, जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यकर्ताओं को बताया गया कि किस प्रकार वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी के संदेश को आम जनता तक पहुंचा सकते हैं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं. मौके पर भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा, सत्यम सिंह सोनू, कुंदन सिंह, चंद्रविजय प्रकाश यादव उर्फ़ हैप्पी यादव, विजय यादव, धर्मेंद्र चौरसिया, जेपी पांडेय, अशोक दुबे, लक्ष्मीकांत पाठक, नागेंद्र सिंह, रामेश्वर सोनी, नरेश मद्धेशिया, गोधन चौबे व अनुराग सिंह युवा मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित रहें. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply