सीवान : फसल की सुरक्षा बनी जानलेवा, खेत में दौड़ाए करंट की चपेट में आई वृद्ध महिला, हालत गंभीर
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटका रोहड़ा गांव से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां फसल की सुरक्षा के लिए लगाया गया बिजली का करंट एक वृद्ध महिला के लिए जानलेवा साबित हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के किसान जय किशोर सिंह ने अपने मक्के की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के उद्देश्य से खेत के चारों ओर 220 वोल्ट का डायरेक्ट करंट प्रवाहित कर रखा था. इसी दौरान गांव के ही बच्चा लाल सिंह की वृद्ध माता किसी काम से अपने खेत की ओर जा रही थीं, तभी उनका हाथ उस विद्युत तार के संपर्क में आ गया. करंट लगते हीं महिला को जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों में इस तरह खुलेआम बिजली का करंट दौड़ाना बेहद खतरनाक है और इससे किसी की भी जान जा सकती है. प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).