Abhi Bharat

सीवान : बड़हरिया में रामनवमी के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पूरा इलाका

सीवान || जिले के बड़हरिया में राम नवमी के अवसर पर शुक्रवार को बड़हरिया के यमुनागढ़ ऐतिहासिक देवी मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा का नेतृत्व तेतहली पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि हरजीत माझी, बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रंजन सिंह एवं श्याम कुमार ने किया.

शोभायात्रा यमुनागढ़ देवी मंदिर परिसर से निकलकर बड़हरिया थाना चौक, जामो चौक होते हुए राम जानकी मठ परिसर पहुंची. वहां से निर्धारित मार्ग के अनुसार पुनः वापस यमुनागढ़ देवी मंदिर परिसर पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ. शोभायात्रा में भव्य रथ पर भगवान राम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं. वहीं कलाकारों द्वारा शिव भस्म आरती का मनमोहक प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े. पूरे मार्ग में डीजे की धुन पर बजरंगी भाई झूमते नजर आए और “जय श्रीराम” व “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा बड़हरिया बाजार गुंजायमान हो उठा. शोभायात्रा में घोड़ों की उपस्थिति ने भी आकर्षण बढ़ाया. शोभायात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना अध्यक्ष छोटन कुमार के नेतृत्व में सभी चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, सुरक्षा व्यवस्था के तहत एडिशनल एसपी संजय कुमार झा, थानाध्यक्ष छोटन कुमार, पुलिस पदाधिकारी रूपेश कुमार वर्मा एवं बीपीआरओ रचित अग्रवाल सहित अन्य पुलिस बल शोभायात्रा के साथ मौजूद रहे.

इस दौरान बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, भाजपा नेता अनुरंजन मिश्रा, सुनील कुमार चंद्रवंशी, प्रेम प्रकाश सोनी, गुड्डू सोनी, अभिषेक उर्फ राजा,धर्मनाथ सिंह, राज किशोर साह, भारद्वाज कुशवाहा, परमेश्वर कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग शोभायात्रा में शामिल हुए. (सीवान के बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.