Abhi Bharat

कैमूर : एबीवीपी के मंत्री को एसवीपी कॉलेज के गार्ड ने मारा थप्पड़, विरोध में छात्रों ने दिया धरना-प्रदर्शन

कैमूर / भभुआ || सोमवार को भभुआ शहर के सरदार वल्लभ भाई पटेल कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया और विद्यालय प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए. प्रदर्शनकारी छात्रों ने विद्यालय में घुसते समय छात्रों के साथ मारपीट करने का गार्ड पर आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग को लेकर विद्यालय के प्रिंसीपल को आवेदन दिया. वहीं प्रिंसपाल ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया.

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र अभय शुभम ने बताया कि कल रविवार को पीजी की इंटरनल परीक्षा थी. छात्र परीक्षा देने आ रहे थे, तभी विद्यालय के गेट पर खड़े गार्ड ने एक स्टूडेंट के साथ अभद्र भाषा एवं व्यवहार किया और छात्र को चाटा मार दिया जो कि सरासर गलत है. इसलिए गैर शैक्षणिक कर्मचारियों के द्वारा छात्रों के साथ ऐसा अभद्र व्यवहार करने को लेकर प्रिंसिपल को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है. इसके साथ ही मांग किया गया है कि लाइब्रेरी में कोर्स के अनुसार, सभी पुस्तकों की खरीदारी जल्द से जल्द किया जाए, कैंटीन का विवरण एवं शुल्क निर्धारित किया जाए, छात्रों का आई कार्ड प्रत्येक सेमेस्टर शुरू होने से पहले दिया जाय, इसके साथ हीं महाविद्यालय में खेल कूद प्रतियोगिता को बढ़ावा दिया जाए. इन सभी मांगों को लेकर स्कूल के प्रिंसिपल को आवेदन दिया गया है, जहां उनके द्वारा हमारी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है.

वहीं एबीवीपी के छात्र मंत्री आनंद राज ने बताया कि विद्यालय परिसर में पार्किंग बना हुआ है जहां छात्रों को बैठने में सहूलियत मिलता है, लेकिन यहां के विद्यालय परिसर के प्रशासन के अभद्र व्यवहार के चलते छात्रों के वाहनों को सड़क पर हीं खड़ा करा दिया जाता है. यही नहीं गार्डों द्वारा छात्रों को अपशब्द एवं अभद्र भाषा भी बोला जाता है, जोकि सरासर गलत है. मुझे खुद गार्ड ने थप्पड़ मार दिया ये लोग आम स्टूडेंट के साथ क्या करते होंगे, आप सोच सकते हैं. हमलोग वैसे गार्ड पर कार्रवाई की मांग करते हैं. अगर, हमारी मांगो को पूरा नहीं किया जाता तो आगे हमलोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे. वहीं एसवीपी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ शंकर प्रसाद शर्मा ने बताया कि कल विद्यालय प्रशासन को बिना सूचना दिए हीं पीजी की इंटरनल परीक्षा कराई गई थी, जहां परीक्षा की जानकारी गार्ड को नहीं होने के कारण इस तरह का अभद्र व्यवहार किया गया है, जिसकी हम जांच कराएंगे, उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ हीं विभाग को भी नोटिस भेजा जाएगा, क्योंकि बिना सूचना दिए हीं परीक्षा कैसे कराया गया है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.