सीवान : उपभोक्ता आयोग में मनाया गया विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस, जागरूकता पर दिया गया जोर
सीवान || जिला उपभोक्ता आयोग, सीवान में रविवार को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष जयराम प्रसाद ने की. कार्यक्रम का शुभारंभ आयोग के अध्यक्ष, सदस्यों, अधिवक्ताओं और आयोग कर्मियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया.
कार्यक्रम में इस वर्ष के थीम “सेफ प्रोडक्ट्स, कॉन्फिडेंट कंज्यूमर्स” पर विस्तार से चर्चा की गई. सभा का संचालन वरीय अधिवक्ता राजीव रंजन राजू ने किया. इस दौरान युवा अधिवक्ता शशांक शेखर ने उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता पर बल दिया. वहीं अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि किसी भी उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी गुणवत्ता और पूरी जानकारी प्राप्त करना जरूरी है. अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह ने उपभोक्ता अधिकारों को लेकर विश्व स्तर पर चल रहे जागरूकता अभियानों की चर्चा करते हुए लोगों का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया. उपभोक्ता आयोग के माननीय सदस्य ने बताया कि आयोग की स्थापना मूल रूप से जनहित में की गई है और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आयोग लगातार कार्य कर रहा है. वहीं सभा के अंत में अध्यक्ष जयराम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा जारी जागृति पोर्टल के माध्यम से अब उपभोक्ता ऑनलाइन वाद दायर कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि आज के समय में ऑनलाइन खरीदारी के दौरान कई लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं, ऐसे में ई-कॉमर्स कंपनियों पर भी निगरानी और नियंत्रण कड़ा किया जा रहा है.
इस अवसर पर अधिवक्ता पंकज कुमार सिंह, सुमित कुमार नन्हे, चंद्रशेखर सिंह समेत आयोग कर्मी अर्जुन मिश्रा, राजीव कुमार गौतम, मो यूसुफ, मो इरफान, कुणाल कुमार, ललित, सुभावती और आशा सहित कई लोग उपस्थित रहें. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).