गोपालगंज : शराब की छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर छत की दीवार गिरी, दो पुलिसकर्मी घायल
गोपालगंज || जिले में शराब की सूचना पर की गई छापेमारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया. छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक मकान की जर्जर छत की दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिससे दो सिपाही घायल हो गए. घटना मांझा थाना क्षेत्र के गौसिया गांव की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम शराब की सूचना पर उक्त गांव में छापेमारी करने पहुंची थी. इसी दौरान मकान की जर्जर छत का हिस्सा अचानक गिर गया और उसकी चपेट में आकर दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
वहीं अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई. फिलवक्त, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. (लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).