Abhi Bharat

सीवान : 28 फरवरी को जीरादेई आएंगे मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति, जिले की विभूतियों का होगा सम्मान

सीवान || देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 28 फरवरी को जीरादेई में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन जीरादेई पहुंचकर देशरत्न की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा परिसर में स्थापित 108 फीट ऊंचे तिरंगा स्तंभ का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश में सीवान का नाम रोशन करने वाले कई सीवान पुत्रों को सम्मानित भी किया जाएगा.

शहर के होटल सफायर इन में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अंतर्राष्ट्रीय समाजसेवी डॉ उदेश्वर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गणतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के पैतृक आवास परिसर के समक्ष 108 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने का सपना वर्षों के अथक प्रयासों के बाद साकार हुआ है, उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में ही 108 फीट का झंडा पाइप जीरादेई लाया गया था, लेकिन पुरातत्व विभाग के नियमों के कारण यह कार्य लंबे समय तक अटका रहा. उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के प्रयासों से अंततः जीरादेई स्थित राजेंद्र उद्यान में झंडा लगाने की सहमति मिली और गत 26 जनवरी को उनके करकमलों द्वारा तिरंगा फहराया गया. वहीं राष्ट्रीय समाजसेवी नीतीश ने बताया कि डॉ उदेश्वर सिंह के सौजन्य से बजाज कंपनी से समन्वय कर 108 फीट का पाइप जीरादेई लाया गया था. उसी समय भारत के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम से भी झंडारोहण का आग्रह किया गया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया था, परंतु नियमों के कारण कार्य पूर्ण नहीं हो सका. बाद में इस पाइप को लगाने के लिए एक कंपनी को लगभग 30 लाख रुपये में टेंडर दिया गया.

वहीं आयोजकों ने बताया कि 28 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा. इस आयोजन को लेकर जीरादेई एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply