Abhi Bharat

सीवान : 7 मार्च को श्रीराम कथा के लिए निकलेगा श्रद्धा का कारवां, कलश यात्रा में मातृ शक्ति निभाएगी सहभागिता, पूज्य राजन जी महाराज भी होगें शामिल

सीवान || नगर में 7 मार्च को सुबह 10 बजे आस्था से परिपूर्ण श्रद्धा का कारवां निकलेगा. वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली श्री रामकथा के प्रसंग में नगर में कलश यात्रा निकलेगी. इसमें नगर की मातृ शक्ति के साथ श्रीराम दरबार की सुंदर झांकी, वेद विद्यालय के बटुक, इस्कॉन की भजन मंडली, मुखौटा कलाकारों की सहभागिता होगी. साथ हीं पूज्य राजन जी महाराज और भरौली मठ के महंत श्रीस्वामी रामनारायण दास जी की भी मांगलिक उपस्थिति होगी. कलश यात्रा में बैंड पारंपरिक भजनों की सुमधुर प्रस्तुति देंगे.

श्रीराम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉक्टर शरद चौधरी, संयोजक डॉक्टर रूपेश कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि नगर में 7 मार्च को होने वाली कलश यात्रा और 8 मार्च से होने वाली श्रीराम कथा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. साथ हीं उन्होंने सीवान और आसपास के श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि श्रीराम कथा श्रवण के पुण्यलाभ को प्राप्त करने और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति के लिए अवश्य पधारें. गुरुवार की रात्रि में श्रीराम कथा आयोजन समिति ने वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में एक बैठक कर अब तक की तैयारियों का जायजा लिया और बन रहे भव्य पंडाल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.

बता दें कि सीवान में पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में 08 मार्च से होने वाली श्री राम कथा के संदर्भ में एक कलश यात्रा का आयोजन 7 मार्च को सुबह 10 बजे किया जाना है. सनातनी परंपरा में कलश का विशेष महत्व होता है. यह कलश पवित्रता, शुभता, सामाजिक एकता का प्रतीक होता है. कलश यात्रा में सहभागिता निभाने वाले विशेष पुण्य के सहभागी होते हैं. यह कलश यात्रा तरवारा मोड़ से सुबह 10 बजे प्रारंभ होगी. राजेंद्र पथ, बाबुनिया मोड़, जेपी चौक, मालवीय चौक होते हुए श्रीराम कथा स्थल वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंचेगी.

इस पावन कलश यात्रा में मुख्य सहभागिता 251 मातृ शक्ति की होगी जिन्होंने समिति में अपना पंजीयन कराया है और उन्हें साड़ी और कलश श्रीराम कथा आयोजन समिति द्वारा प्रदान किया गया है. वेद विद्यालय के बटुक भी कलश यात्रा में शामिल होंगे. इस यात्रा में अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पूज्य राजन जी महाराज और भरौली मठ के महंत स्वामी रामनारायण दास जी की पावन उपस्थिति भी रहेगी, जो अपने वाहनों पर सवार रहेंगे.

इस यात्रा में श्रीराम कथा आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्यगण के साथ श्रीराम सेवक दल के सदस्यगण भी मौजूद रहेंगे. इसमें रथ पर श्रीराम दरबार की झांकी का अनुपम दृश्य भी देखने को मिलेगा. इस्कॉन की भजन मंडली भी भजन करते शामिल होगी. मुखौटा कलाकार भी अपने नयनाभिराम करतब को दिखाते नजर आएंगे. कलश यात्रा के दौरान बैंड पार्टी मधुर भक्तिरस को प्रवाहित करेगी. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.