Abhi Bharat

सीवान : रघुनाथपुर विधायक ओसामा शहाब पर प्राथमिकी दर्ज, गोरखपुर की महिला चिकित्सक ने दर्ज कराई प्राथमिकी, जांच को पहुंचे डीआईजी

सीवान || जिले से बड़ी खबर है, जहां सीवान के पूर्व सांसद स्व मो शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर विधान सभा क्षेत्र के राजद विधायक ओसामा शहाब पर रंगदारी और मारपीट का केस दर्ज हुआ है. शहर के महादेवा थाने में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक महिला चिकित्सक डॉ सुधा सिंह ने यह केस दर्ज कराया है.

महादेवा थाने में प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन के अनुसार, गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के कमनपुरा धरम परसा निवासी डॉ विनय सिंह की पत्नी गोरखपुर की महिला चिकित्सक डॉ सुधा सिंह ने 7 सितंबर 2024 को सीवान के महादेवा थाना क्षेत्र स्थित झूनापुर गांव में जमीन खरीदी थी, जिसका अंचल कार्यालय में उनका एवं उनके पति के संयुक्त नाम से जमाबंदी भी दर्ज है. करीब तीन माह पहले उन्होंने चाहरदीवारी और एक कमरे का निर्माण कार्य शुरू कराया था. जिसपर विधायक द्वारा दावा जताते हुए पहले कागजात मांगे गए और आश्वासन दिया गया कि यदि दस्तावेज सही होंगे तो निर्माण में कोई बाधा नहीं होगी, लेकिन बाद में 14 अप्रैल को उस जमीन पर 30-40 लोगों ने हथियारों के साथ पहुंचकर वहां मौजूद उनके आदमियों पर हमला कर दिया और उनकी जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया. वहां मौजूद कर्मियों के साथ मारपीट की गई और वहां लगे सीसीटीवी कैमरा को भी तोड़ दिया गया. इतना हीं नहीं डॉक्टर के आदमियों का मोबाइल और वहां मौजूद निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों को छिन कर अपनी गाड़ी में लेकर चले गए.

बुधवार को दर्ज इस प्राथमिकी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को सारण डीआईजी निलेश कुमार सीवान पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के बाद उक्त जमीन का निरीक्षण भी किया. हालांकि अभी इस मामले में पुलिस द्वारा मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी गई है, वहीं विधायक द्वारा भी मीडिया के समक्ष अपना पक्ष नहीं रखा गया है. गौरतलब है कि इसी महीने जिले के मज़हरुलहक नगर थाना में भी विधायक के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज हुई थी. एक महीने में विधायक पर दो-दो आपराधिक मुकदमे दर्ज होने से जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्म है. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply