कैमूर : रामगढ़ आदर्श बालिका उच्च विद्यालय पर इंटर एग्जाम का न्यूज कवरेज गए पत्रकार के साथ मजिस्ट्रेट ने की बदसलूकी, मोबाइल छीन एफआईआर दर्ज करने की दी धमकी
कैमूर/भभुआ || जिले के रामगढ़ स्थित आदर्श बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में इंटरमीडिएट परीक्षा का न्यूज कवरेज करने गये एक पत्रकार के साथ वहां तैनात मजिस्ट्रेट कृष्ण मुरारी न बदसलूकी की और उनका मोबाइल छीन लिया.इतना ही नहीं मजिस्ट्रेट ने पत्रकार के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी भी दी.

बताया जा रहा है कि इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान कई परीक्षार्थी समय पर नहीं पहुंच पाए थे, जिसके कारण उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया. इस प्रशासनिक सख्ती का कवरेज कर रहे पत्रकार के साथ मजिस्ट्रेट ने बदसलूकी की. पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया है कि मजिस्ट्रेट ने उनके साथ बदसलूकी की और उनका मोबाइल छीन लिया. जब पत्रकार ने मजिस्ट्रेट से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने पत्रकार के साथ और भी बदसलूकी की.

वहीं मजिस्ट्रेट ने अपने बचाव में कहा कि वे केवल बोर्ड के नियमों का पालन कर रहे थे, निर्धारित समय के बाद प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित था. इस घटना की स्थानीय मीडिया संगठनों ने कड़ी निंदा की है. पत्रकारों का कहना है कि मजिस्ट्रेट का यह व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है और पत्रकारों के अधिकारों का हनन है. इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. पत्रकारों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).