Abhi Bharat

गोपालगंज : एसपी विनय तिवारी ने बलथरी व भागीपट्टी चेक पोस्ट का किया औचक निरीक्षण

गोपालगंज || जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने देर शाम कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट तथा कटेया थाना अंतर्गत भागीपट्टी चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया. एसपी के अचानक पहुंचने से चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों में जहां सतर्कता बढ़ गई, वहीं शराब, ड्रग्स और अन्य अवैध धंधों में संलिप्त माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया.

बता दें कि बलथरी चेक पोस्ट उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है. यही कारण है कि शराब माफिया, ड्रग्स तस्कर और अन्य आपराधिक तत्व इस रास्ते का अक्सर इस्तेमाल करते हैं. ब्रोकरों और तस्करों की लगातार नजर इस चेक पोस्ट पर रहती है. एसपी के निरीक्षण मात्र से ही यह स्पष्ट संदेश गया कि पुलिस अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी. निरीक्षण के दौरान एसपी विनय तिवारी ने चेक पोस्ट पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने वाहनों की सघन जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, रजिस्टर व अभिलेखों के सही संधारण तथा ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी बरतने का निर्देश दिया. साथ हीं उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बेहद जरूरी है, क्योंकि यही रास्ते अपराधियों के लिए सबसे आसान माने जाते हैं. एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शराबबंदी कानून और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसमें किसी भी स्तर पर कोताही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उनके इस दौरे से चेक पोस्ट पर व्यवस्था में सुधार देखने को मिला और तैनात अधिकारियों को एक कड़ा संदेश भी गया.

मौके पर हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन, कटेया थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहें. (गोपालगंज से हितेश कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply