सीवान : दाहा नदी पुल पटेल चौक पर बारात से लौट रही स्कॉर्पियो में लगी आग, पूरा वाहन जलकर राख
सीवान || शहर के दाहा पुल स्थित पटेल चौक पर गुरुवार की अहले सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो अचानक आग का गोला बन गई. चलते वाहन में अचानक आग लगने से कुछ हीं मिनटों में पूरी गाड़ी धूं-धूं कर जल उठी और देखते ही देखते राख में तब्दील हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से एक बारात बुधवार की शाम गोपालगंज जिले के मीरगंज गई थी. विवाह समारोह संपन्न होने के बाद गुरुवार की सुबह बाराती स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे. वाहन में करीब आठ लोग सवार थे, जो सुरक्षित घर पहुंचने की उम्मीद में यात्रा कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे हीं स्कॉर्पियो नगर थाना क्षेत्र के दाहा पुल स्थित पटेल चौक के पास पहुंची, इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा. चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया. धुआं बढ़ते देख चालक ने सभी यात्रियों को तेजी से वाहन से बाहर निकलने की चेतावनी दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
जैसे ही सभी यात्री वाहन से बाहर निकले, कुछ ही पलों में आग की लपटें पूरी स्कॉर्पियो में फैल गईं. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि वाहन को बचाया नहीं जा सका और देखते हीं देखते पूरी स्कॉर्पियो जलकर खाक हो गई. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई. आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शुरुआती अनुमान में तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).