सीवान : गंडक नदी में युवक का उपलता श’व मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
सीवान || जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के योगीडीह गांव स्थित मिश्र घाट के समीप गंडक नदी में एक युवक का उपलता हुआ श’व मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. श’व मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. वहीं पुलिस ने श’व को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुट गई है.

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम गंडक नदी में मछली पकड़ने गए मछुआरों की नजर नदी में तैर रहे एक श’व पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी. देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने श’व की पहचान करने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी. ग्रामीणों के अनुसार, श’व से खून निकल रहा था तथा शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे. लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है. ग्रामीणों ने अनुमान जताया कि श’व करीब 10 से 15 घंटे तक नदी के बहाव में रहा होगा.
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. टीम में एएसआई रंजीत कुमार, एसआई निरंजन कुमार, एसआई संतोष कुमार तथा पीटीसी राजीव कुमार शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक छानबीन की और श’व को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि श’व की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).