सीवान : धनौती मठ में जमीनी विवाद में मारपीट-फायरिंग, युवक घायल
सीवान || जिले के धनौती थाना क्षेत्र के धनौती मठ में शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई. फायरिंग में एक युवक घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बताया जाता है कि गांव निवासी राजेश सिंह और जितेंद्र सिंह के बीच करीब 15 वर्षों से एक बीघा बगीचे की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. शनिवार को एक पक्ष द्वारा बगीचे में लगे पेड़ों की कटाई कराई जा रही थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें राजेश सिंह के बाएं हाथ की उंगली में गोली लग गई.
वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची धनौती थाना पुलिस ने घायल समेत दोनों पक्षों के लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फायरिंग की घटना को लेकर आरोपितों की पहचान की जा रही है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).