Abhi Bharat

पटना : बिहार के लाल ईशान किशन का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान, एक करोड़ रुपये का दिया चेक भेंट

पटना || मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 की विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य और बिहार के गौरव ईशान किशन को एक करोड़ रुपये का चेक, प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी और भारतीय टीम की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की.

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत में बिहार के खिलाड़ी ईशान किशन का योगदान पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है. मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि ईशान किशन बिहार के युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनकी मेहनत और संघर्ष नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि बिहार के अधिक से अधिक युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें.

सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेन्दर, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे. इस अवसर पर क्रिकेटर ईशान किशन के परिजन भी उपस्थित थे. (ब्यूरो रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply