Abhi Bharat

सीवान : बड़हरिया के सुरहिया मजार के पास दो बाइकों की भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग पर स्थित सुरहिया मजार के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं. घायलों की पहचान मिशवलिया गांव निवासी करीब 35 वर्षीय सिमोध कुमार, पिता स्वर्गीय टीमल महतो, तथा राकेश कुमार के रूप में हुई है.

बताया जाता है कि सिमोध कुमार अपने मामा के घर से बाइक से मिशवलिया लौट रहे थे. इसी दौरान सुरहिया मजार के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना में सिमोध कुमार का हाथ टूट गया, जबकि उनके चेहरे और पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं. वहीं राकेश कुमार के सीने और पैर में चोट लगने की बात सामने आई है. हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायलों को निजी वाहन से बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

वहीं घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. उधर, सड़क हादसे के कारण कुछ समय के लिए बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा. बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से यातायात सामान्य कराया गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेत लगाने तथा सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply