Abhi Bharat

गोपालगंज : आभूषण दुकान में लूट के दौरान अपराधियों की फायरिंग से युवक की मौ’त, ग्रामीणों ने दो लुटेरों को पकड़ा

गोपालगंज || जिले के भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े सोने-चांदी की दुकान में लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस घटना में एक युवक की गोली लगने से मौ’त हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार, लाला छापर बाजार स्थित दीपक वर्मा की सोने-चांदी की दुकान को निशाना बनाकर पहुंचे अपराधियों ने लूटपाट की कोशिश की. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं दूसरे अपराधी को भी ग्रामीणों ने घेर लिया था और आक्रोशित भीड़ उसे जान से मारने पर उतारू थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित एक कमरे में बंद कर लिया. इसी बीच एक अन्य अपराधी मौके से भागने लगा. ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने पर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें सिसई टोला मठिया निवासी पंचा मिश्रा के 32 वर्षीय पुत्र डबल मिश्रा को गोली लग गई. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौके पर ही मौ’त हो गई.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. घटना से आक्रोशित लोगों ने लुटेरों की बाइक को आग के हवाले कर दिया और पकड़े गए लुटेरों को मारने पर आमादा हो गए. वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पकड़े गए अपराधियों को हिरासत में ले लिया और फरार अपराधी की तलाश में जुट गई है. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply