सीवान : सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न, जेपी चौक पर उमड़ी भीड़
सीवान || बिहार में भाजपा के नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण के बाद सीवान में जश्न का माहौल देखने को मिला. शहर के जेपी चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई, जहां आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और नृत्य के साथ खुशियां मनाई गईं. इस दौरान लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को बधाई दी गई.
भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार बंटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अमित कुमार सोनू, कुंदन सिंह, धनंजय सिंह, अनुराधा गुप्ता, किरण गुप्ता, अर्चना सिंह, देवेंद्र गुप्ता समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने एकजुट होकर इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए खुशी जाहिर की.
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह पल बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है और नई सरकार राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी. साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और प्रदेश में सुशासन को और मजबूती मिलेगी. पूरे इलाके में देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).