कैमूर : चलती ट्रेन में महिला को हुई प्रसव पीड़ा, यात्रियों और रेलवे कर्मियों की मदद से महिला ने भभुआ रोड स्टेशन पर दिया बेटी को जन्म
कैमूर / भभुआ || चलती ट्रेन में सफर के दौरान एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर जैसे हीं ट्रेन रुकी, प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया.

मिली जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के कझार निवासी लालू चौधरी की 22 वर्षीय पत्नी रीना देवी अपने मायके औरंगाबाद से अपनी मां के साथ रुटीन चेकअप के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया आ रही थी. इसी दौरान उसे तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. वहीं ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मदद की. जैसे हीं ट्रेन भभुआ रोड स्टेशन पर रुकी, उसे तुरंत प्लेटफॉर्म पर उतारा गया, जहां मौजूद स्थानीय महिलाओं द्वारा सुरक्षित प्रसव कराया गया.

इस दौरान स्टेशन मास्टर आरपी सिंह, आरपीएफ और जीआरपी जवान के साथ स्टेशन पर मौजूद रेलवे स्टाफ मौजूद रहे. जन्म के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं. हालांकि तत्काल स्टेशन मास्टर द्वारा एंबुलेंस मंगा कर महिला को अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद एहतियात के तौर पर दोनों को बेहतर देखभाल के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भेजा गया. जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना के दौरान यात्रियों और रेलवे कर्मियों की सक्रियता से एक बड़ी परेशानी टल गई और सुरक्षित प्रसव संभव हो सका. वहीं बच्ची के जन्म के बाद सभी लोगों ने खुशियां जाहिर की. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).