Abhi Bharat

कैमूर : भभुआ सदर अस्पताल में दिनदहाड़े दो मरीजों की मोबाइल चोरी, एक चोर गिरफ्तार, दूसरा फरार

कैमूर / भभुआ || भभुआ सदर अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज के मोबाइल की चोरी का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों और अस्पताल सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से एक आरोपी को मौके पर हीं पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा.

मिली जानकारी के अनुसार, अधौरा थाना क्षेत्र से दो मरीज घायल अवस्था में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती थे. इसी दौरान बेड पर रखे मरीजों के झोले से दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए, चोरी के बाद आरोपियों ने मोबाइल को डीपीएम कार्यालय के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया था. वहीं घटना की जानकारी मिलते हीं मरीज के परिजनों और अस्पताल के गार्डों ने तलाश शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा. पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए. हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 निवासी स्व सरफराज खान के पुत्र जावेद खान के रूप में हुई है.

वहीं भभुआ थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. बताया जाता है कि सदर अस्पताल परिसर में बाइक एवं ई-रिक्शा की बैटरी चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे मरीजों और परिजनों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.