सीवान : गुठनी में आयुष ज्वेलर्स चोरी कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
सीवान || जिले के गुठनी थाना क्षेत्र अंतर्गत धनौती बाजार स्थित आयुष ज्वेलर्स में हुई चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है.
बता दें कि गत17-18 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा दुकान का शटर काटकर सोना-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए गए थे. घटना को गंभीरता से लेते हुए गुठनी थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. पुलिस अधीक्षक, सीवान के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मैरवा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में टाइगर जयसवाल, समसुल आजम अंसारी, धोनी जयसवाल एवं प्रिंस वर्मा शामिल हैं. इनमें प्रिंस वर्मा को चोरी का सामान रखने के आरोप में पकड़ा गया है. पूछताछ के दौरान सभी अभियुक्तों ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
वहीं पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, शटर काटने वाले तीन कटर, 55 ग्राम सोना जैसा पदार्थ तथा 360 ग्राम चांदी जैसा पदार्थ बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त टाइगर जयसवाल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि अन्य अभियुक्तों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. फिलहाल, पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).