Abhi Bharat

सीवान : ग्रीष्मकाल में यात्रियों को राहत, छपरा-जम्मूतवी साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन

सीवान || गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ी सुविधा प्रदान की है. पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा छपरा से जम्मूतवी के बीच साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया गया है.
जनसम्पर्क विभाग, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 05193/05194 छपरा-जम्मूतवी-छपरा साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा.

गाड़ी संख्या 05193 छपरा-जम्मूतवी साप्ताहिक एक्सप्रेस 06 अप्रैल से 13 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार को छपरा से दोपहर 2:00 बजे प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन छपरा कचहरी, दिघवा दुबौली, थावे, पडरौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोण्डा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, लक्सर, रुड़की, सहारनपुर, यमुनानगरी जगाधरी, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट और कठुआ होते हुए रात 11:00 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी. वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05194 जम्मूतवी-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस 08 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी. यह ट्रेन जम्मूतवी से रात 1:20 बजे प्रस्थान कर उपरोक्त स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 9:15 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी.

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस विशेष ट्रेन का कुल 15 फेरे संचालित किए जाएंगे, जिससे बिहार एवं उत्तर भारत के यात्रियों को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें पांच शयनयान (स्लीपर), तीन साधारण द्वितीय श्रेणी, छः वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (AC-3), दो तृतीय इकोनॉमी, एक एसएलआर तथा एक जनरेटर सह लगेज यान शामिल हैं. रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से ग्रीष्मकाल में यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और भीड़भाड़ की समस्या कम होगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply