कैमूर : मवेशियों से भरी गाड़ी रोकने पर मवेशी तस्करों ने तीन युवकों को बीच सड़क पर पीटा, पीड़ित युवकों ने 112 पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप
कैमूर / भभुआ || जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के भरीगावां गांव में मवेशी तस्करों द्वारा ट्रक पर मवेशियों को लोड किया जा रहा था, तभी गांव के तीन युवकों ने देखा तो उसका पीछा किया. जिसके बाद भभुआ मोहनिया रोड में परासिया भाजपा कार्यालय के पास पशु तस्करों का विरोध करने पर तीनों युवकों को मारपीट कर घायल कर दिया गया. घटना रविवार दोपहर 1:30 बजे की बताई जाती है. घायलों में भभुआ थाना क्षेत्र के भरीगावां गांव निवासी उदय प्रताप सिंह के पुत्र सोनू पटेल, नंदलाल सिंह के पुत्र नीतीश पटेल एवं रंजू सिंह के पुत्र विकास पटेल बताए जाते हैं.

वहीं घटना की बाद भभुआ थाना पहुंचे घायलों ने बताया कि भरीगावां गांव में मानव भारती स्कूल के पास ट्रक पर मवेशियों को लोड किया गया था. वहां पर डायल 112 की पुलिस भी खड़ी थी, जब हम लोग ट्रक का जांच करने गए तो पुलिस गाली गलौज करने लगी. लेकिन, कुछ देर बाद वहां से पुलिस जाने लगी, जब हम लोगों को पता चला तो ट्रक का पीछा करने लगे. ट्रक वहां से तेजी से सभी मवेशियों को लेकर भागने लगा, वहीं परासिया भाजपा कार्यालय के पास चार से पांच की संख्या में बाइक पर बदमाशों आए और हम लोगों के साथ मारपीट किया. इसकी जानकारी पहले से डायल 112 पुलिस को भी थी, लेकिन उनके द्वारा कुछ नहीं किया गया. जिसके बाद भभुआ थाना पर पहुंचकर डायल 112 की पुलिस पर पशु तस्कर से रिश्वत लेने व लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में शिकायत कर कार्रवाई करने का मांग किया गया है.
वहीं घायलों के साथ में सदर थाना पहुंचे हिंदूवादी संगठन के प्रमुख उत्तम पटेल ने बताया कि वहां के युवा साथी को पता चला कि ट्रक में मवेशी लदा हुआ है तो ट्रक को जांच करने के लिए गए वहां पर पहले से मौजूद डायल 112 की पुलिस द्वारा उन्हें गाली गलौज कर वहां से भगा दिया गया. वहां से ट्रक भी पीछा करने लगे तो परासिया भाजपा कार्यालय के पास गौर तस्कर बाइक से पहुंचे और उनके साथ मारपीट वहां की है और उसके बाद बबुरा में ले जाकर बुरी तरह से मारपीट किया गया. जब हम लोगों को पता चला तो वहां पहुंचकर घायल तीनों युवकों को छुड़ाकर थाना पर लाया गया और इसकी जानकारी भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को पहले हीं दी गई थी. वहीं इस संबंध विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अमित ट्विंकल ने बताया कि आए दिन ऐसा ही घटना होती रही तो किसी की जान जा सकती है. पुलिस पूरी तरह से लापरवाह है, ना इस पर कोई कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर अगर इस पर कार्रवाई नहीं हुया तो हम लोग आगे बड़ा कदम उठाएंगे. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).