Abhi Bharat

कैमूर : पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी, चाकूबाजी और आगजनी, पिता-पुत्री घायल

कैमूर / भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदुरना में रविवार की रात 9:00 से 10:00 के बीच पूर्व के विवाद को लेकर गोलीबारी और आगजनी जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है. घटना में पिता और पुत्री घायल हैं. पिता को गोली लगने की बात बताई जा रही है, जबकि पुत्री को चाकू से घायल करने की बात बताई गई है. इस घटना के बाद घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि मौके पर पुलिस बल की तैनाती है.

बता दें कि लगभग पांच वर्ष पूर्व लड़की भगा ले जाने के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था. इस विवाद में राहुल कुमार पिता राजकेश्वर सिंह के साथ मारपीट की घटना घटित हुई थी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. मामले में न्यायालय में केस चल रहा है. हालांकि पुलिस के द्वारा कार्रवाई करते हुए भगाई गई लड़की को बरामद कर लिया गया था और न्यायालय में बयान दर्ज कर दिया गया था. मगर दोनों पक्षों में लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही है.

वहीं घटना की खबर मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. देर रात कैमूर पुलिस अधीक्षक एवं भभुआ प्रभारी एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल किए हैं. वर्तमान समय में घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती है. वहीं पुलिस के द्वारा कार्रवाई करते हुए रविवार की रात कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं इस मामले को लेकर पुलिस के वरीय पदाधिकारी द्वारा किसी भी तरह का बयान देने से साफ बचा जा रहा है. चैनपुर थानाध्यक्ष से भी इस घटना से संबंधित जानकारी लेने के लिए फोन करने पर भी उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया, जिस कारण से पुलिस पक्ष की तरफ से इससे जुड़ी अन्य जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.