सीवान : आम्रपाली एक्सप्रेस में फर्जी आईडी पर यात्रा कर रहे दो यात्री गिरफ्तार
सीवान || पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में चलाए जा रहे विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान फर्जी पहचान पत्र के सहारे यात्रा करने वाले दो यात्रियों को पकड़ लिया गया. यह कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई.

बता दें कि मंगलवार को गाड़ी संख्या 15707 कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस में छपरा आईसीपी के उप मुख्य टिकट निरीक्षक सुधाकर मिश्रा द्वारा सघन जांच की जा रही थी. इसी दौरान S-1 कोच की बर्थ संख्या 34, 35, 37 और 38 पर यात्रा कर रहे यात्रियों की पहचान जांच में बड़ा खुलासा हुआ. जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित यात्री फर्जी आईडी का उपयोग कर यात्रा कर रहे थे. पूछताछ में एक यात्री का वास्तविक नाम शहाबुद्दीन (पिता- मोहम्मद तबजूम) सामने आया, जो कौशर अली के नाम पर यात्रा कर रहा था. उसका आधार कार्ड टेम्पर्ड कर एडिट किया गया था. वहीं दूसरे यात्री का असली नाम मोहम्मद आसिफ पाया गया, जो मोहम्मद अब्दुल हक के नाम पर यात्रा कर रहा था. दोनों यात्रियों को सीवान जंक्शन स्टेशन पर उतारकर आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सौंप दिया गया. इस दौरान स्टेशन एवं टिकट काउंटरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ की जा रही है.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत टिकट पर ही यात्रा करें और वैध एवं मूल पहचान पत्र का उपयोग करें. नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).