Abhi Bharat

गोपालगंज : कुख्यात अपराधी अनीश राम गिरफ्तार, लाखों के आभूषण व नकदी बरामद

गोपालगंज || पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कुख्यात अपराधी अनीश राम को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में नकदी एवं आभूषण बरामद किए हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अनीश राम के पास से लगभग एक लाख 21 हजार रुपये नगद, चार मंगलसूत्र, पांच अंगूठी, सोने का लॉकेट, 15 जोड़ी पायल, 10 चांदी के सिक्के तथा सोना-चांदी के अन्य कई आभूषण बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, अनीश राम के खिलाफ जिले के लगभग 10 थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनीश राम माधोपुर गांव में मौजूद है. सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में माधोपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने पुलिस बल के साथ गांव में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा.

फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार अनीश राम से पूछताछ कर रही है और बरामद आभूषणों के संबंध में भी जांच की जा रही है. संभावना जताई जा रही है कि ये आभूषण हाल के दिनों में हुई चोरी या लूट की घटनाओं से जुड़े हो सकते हैं. पुलिस अन्य आपराधिक कड़ियों को भी खंगाल रही है. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.