Abhi Bharat

बेगूसराय : भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह 68 वर्ष के हुए, जन्मदिन पर पीएम से लेकर आम लोगों ने दी बधाई

बेगूसराय में भाजपा के फायर ब्रांड हिंदूवादी नेता, बिहार के बड़े राजनीतिज्ञ और राष्ट्रवादी कार्यकर्ता के रूप में शुमार बेगूसराय के सांसद तथा केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह 68 वर्ष के हो गए. मंगलवार को उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी.

बता दें कि गिरिराज सिंह दिल्ली में हैं, उनके तमाम समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके मंगलमय भविष्य की कामना कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गिरिराज सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा है कि वर्षों तक उन्होंने एक मेहनती पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम किया है. वे पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन के प्रमुख क्षेत्रों को बदलने की दिशा में ईमानदारी से काम कर रहे हैं, जो उनके दिल के करीब भी है. उधर, भाजपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व सांसद आरके सिन्हा ने भी गिरिराज सिंह को जन्मदिन की बधाई दी. उनके अलावा देश के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता उन्हें बधाई दे रहे हैं. भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह समेत अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की.

वहीं मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी ने बताया है कि आठ सितम्बर 1952 को बड़हिया में रामवतार सिंह के घर पैदा हुए गिरिराज सिंह का बचपन अपने ननिहाल बेगूसराय के सिउरी एवंं फुआ के घर सदानंदपुर में बीता. यहां व्यवसाय करने के दौरान ही 1985 में वह भाजयुमो से जुड़ गए. 2002 में पहली बार बिहार विधान परिषद के सदस्य बने तथा 2008 से 2013 तक बिहार सरकार में मंत्री रहे. उन्होंने बताया कि गिरिराज सिंह 2014 में नवादा लोकसभा से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे और सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्योग मंत्रालय के केंद्रीय राज्यमंत्री का भार मिला. पिछले साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव उन्होंने बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से चार लाख से अधिक मतों से विजय प्राप्त की और प्रधानमंत्री ने उन्हें एक नया मंत्रालय बनाकर विकास की जिम्मेदारी सौंपी है. (पिंकल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.