कैमूर : रामगढ़ रेफरल अस्पताल में डॉक्टर को लूंगी गंजी में मरीजों का इलाज करते देख भड़के विधायक, सीएस और डीएम से की कार्रवाई करने की मांग
कैमूर / भभुआ || जिले के रामगढ़ रेफरल अस्पताल में डॉक्टर के लूंगी और गंजी में मरीजों के इलाज किए जाने का मामला सामने आया है. जिसे देख रामगढ़ विधायक सतीश कुमार उर्फ पिंटू यादव भड़क गए और सिविल सर्जन और जिलाधिकारी को सूचना देते हुए कार्रवाई की मांग की.

बताया जाता है कि गुरुवार की रात 8 बजे सड़क में दुर्घटना चार लोगों को चोट लगी हुई थी, जिसकी सूचना पर रामगढ़ रेफरल अस्पताल में विधायक पिंटू यादव पहुंचे. वहां उन्होंने लूंगी और गंजी पहने एक व्यक्ति को मरीजों का इलाज करते देखा. जिसे देख विधायक देख भड़क गए और उन्हें जमकर फटकार लगाई कि आप डॉक्टर हैं और लूंगी-गंजी पर अस्पताल में घूमते है. विधायक के भड़कने पर डॉक्टर इलाज छोड़ वहां से भाग निकले. वहीं विधायक ने तत्काल सिविल सर्जन और डीएम को फोन कर सारी सूचना दी और कार्रवाई की मांग की.
बता दें कि जब दुर्घटना में घायल मरीजो से मिलने पहुंचे रामगढ़ विधायक सतीश उर्फ पिंटू यादव ने देखा कि अस्पताल में सिर्फ नर्स इलाज कर रही है तो उन्होंने पूछा कि कोई डॉक्टर नहीं क्या ड्यूटी में? वहीं 20 मिनट बाद डॉक्टर संजय लुंगी और गंजी में अस्पताल गए, जिसपर विधायक भड़क गए और डॉक्टर को खूब सुनाया. गौरतलब है कि रामगढ़ रेफरल अस्पताल आयुष डॉक्टर प्रभारी के भरोसे चल रहा है. रामगढ़ रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर सुरेंद्र प्रसाद सिंह जो 20 वर्ष से एक हीं अस्पताल में जमे हुए हैं, जिससे अस्पताल में मरीजो को मिलने वाली सुविधा नदारद है. विधायक ने प्रभारी डॉ सुरेंद्र प्रसाद सिंह का यहां से तबादला करने का डीएम और सिविल सर्जन से मांग की. अब देखना होगा कि ऐसे लापरवाह डॉक्टरों पर क्या कार्रवाई होती है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).