सीवान : टेंपो-ट्रक की टक्कर में राधे-राधे जागरण ग्रुप के दो सदस्यों की मौ’त, आधा दर्जन घायल
सीवान || जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र स्थित जिओ पम्प के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें टेंपो और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौ’त हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

मृतकों की पहचान बाजी पाटी निवासी सुमित कुमार और पिपराही निवासी आर्या देवी के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में बलवंत पटेल (महुई बुजुर्ग), गोलू कुमार (मेन पिपराही), हीरा लाल चौधरी (अहिरौली), जमीर (कुशीनगर), मधु कुमारी, सूरज कुमार तथा जानवी पांडे (देवरिया) शामिल हैं. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग ‘राधे-राधे जागरण ग्रुप’ के सदस्य थे और किसी कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जीवों पम्प के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टेंपो की सीधी टक्कर हो गई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
वहीं घटना की सूचना मिलते ही दरौंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).