सीवान : हसनपुरा के सेमरी में ऑटो चालक से मारपीट और फायरिंग, कुख्यात चंदन सिंह पर लगा आरोप
सीवान || जिले के एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरी गांव में एक ऑटो चालक के साथ मारपीट और फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस घटना में चंदन सिंह नामक व्यक्ति के शामिल होने की सूचना मिल रही है, जिसका नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में जुड़ा बताया जा रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सड़क पर ऑटो रिक्शा से साइड नहीं मिलने पर आरोपी चंदन सिंह आक्रोशित हो गया. मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं, उसने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी कर दी. वहीं घटना की सूचना मिलते हीं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हो सकी. ग्रामीणों के हस्तक्षेप से किसी बड़ी अनहोनी से बचाव हो गया.
वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).