कैमूर : ऑटो से नीलगायों के टकराने से एक साथ बुझ गए घर के दो चिराग, हादसे में पिता-पुत्र की मौत
कैमूर / भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां चलती ऑटो से नीलगायों का झुंड टकरा गया, जिससे ऑटो में बैठे पिता-पुत्र की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं घटना की जानकारी होते हीं मृतको के परिजनों मे चीख पुकार मच गई. मृतकों में बेलांव थाना क्षेत्र के मझिआंव गांव निवासी स्व सुमेर राम के 60 वर्षीय पुत्र इनर राम और इनर राम के 30 वर्षीय पुत्र प्रकाश राम बताए जाते हैं. वहीं घायल भगवानपुर थाना क्षेत्र के जैदपुर गांव निवासी अमिताभ बच्चन राम बताया जाता है.
घटना के संबंध में घायल अमिताभ बच्चन ने बताया कि इनर राम मेरे साथ रिश्तेदारी में नौहट्टा गांव गए हुए थे. वहीं से वापस लौटते समय बेलाव गांव पहुंचकर इनर राम अपने पुत्र को अपना ऑटो लाने के लिए फोन कर बोले. जिसके बाद करीब 2:00 बजे रात को प्रकाश राम ऑटो लेकर बेलांव पहुंचा और हम सभी लोग ऑटो में बैठकर जैदपुर कला गांव लौट रहे थे, जहां मृतक का ससुराल भी है. तभी भगवानपुर थाना क्षेत्र नौगढ़ गांव के पास अचानक नीलगायों का झुंड ऑटो पर कूद गया. इस दौरान ऑटो वहीं सड़क पर पलट गई और चालक प्रकाश राम पर पांच से छः नीलगाएं कूद पड़ी, जिससे प्रकाश राम को बुरी तरह से कुचल गया.
वहीं इस हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा ऑटो में सवार सभी घायलों को एम्बुलेंस से भभुआ सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सक ने इनर राम और प्रकाश राम को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते हीं परिजनो सहित गांव लोगों में कोहराम मच गया. पिता-पुत्र की एक साथ अर्थी निकलता देख पूरे गांव के लोग रो उठे. बताया जाता है कि इनर राम के एक हीं पुत्र प्रकाश राम थे. वहीं प्रकाश राम के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. इस हादसे के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने जिला प्रशासन से सरकारी मुआवजा की मांग की है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).