सीवान : पूज्य राजन जी महाराज के संगीतमय श्रीराम कथा वाचन को लेकर भव्य कलश यात्रा निकली, शहर हुआ राममय
सीवान || शहर में शनिवार को पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली श्रीराम कथा के प्रसंग में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिससे पूरा शहर राममय हो गया. वहीं श्रद्धा के इस कारवां को देख नगरवासी आस्था से अभिभूत हो गए. इस भव्य कलश यात्रा में नगर की मातृ शक्ति ने जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का परिचय दिया. मातृ शक्ति के सर पर कलश और मन में राम थे. इस कलश यात्रा में वेद विद्यालय के बटुक, रामदरबार की झांकी, पौराणिक महत्व वाली पंगनूर गाय, इस्कॉन की कीर्तन मंडली, मुखौटा कलाकार के साथ भरौली मठ के महंत और श्रीराम कथा के अध्यक्ष स्वामी राम नारायण दास के साथ अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज की गरिमामई उपस्थिति रही.

बता दें कि शनिवार को नगर के तरवारा मोड़ पर श्रीराम कथा के प्रसंग में भव्य कलश यात्रा के संदर्भ में मातृशक्ति और अन्य सहभागियों का एकत्रीकरण हुआ. मातृशक्ति श्रद्धा और आस्था से बेहद उत्साहित नजर आ रही थी. जब श्रद्धा का कारवां नगर के तरवारा मोड़ से प्रारंभ होकर, बाबुनिया मोड़, जेपी चौक, मालवीय चौक होते हुए गुजरा तो नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का श्रद्धापूर्ण अभिनंदन किया. जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से नगर गुंजायमान हो गया. सनातन परम्परा में कलश को शुभता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता रहा है. रामदरबार की झांकी को देख नगरवासी निहाल हो गए. इस्कॉन की कीर्तन मंडली ने अद्भुत सांस्कृतिक समागम के दृश्य को प्रस्तुत किया. कलश यात्रा के दौरान भरौली मठ के महंत श्रीराम नारायण दास जी, जहां पौराणिक महत्व वाली पंगनूर गौ माता के साथ रथ पर सवार थे. वहीं पूज्य राजन जी महाराज पुष्प सुसज्जित वाहन में सवार थे. कलश यात्रा के दौरान व्याप्त अनुशासन और गरिमा भी सभी को प्रभावित कर रही थी. कलश यात्रा में हर उम्र के श्रद्धालुओं की सहभागिता रही. कलश यात्रा वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंची, जहां सभी कलश को कथा स्थल पर रखा गया. ये कलश नौ दिवसीय कथा के उपरांत मातृ शक्ति को प्रदान किया जाएगा. रविवार से वीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में अंतराष्ट्रीय कथा वाचक पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय, लालित्यपूर्ण, रसमयी श्रीराम कथा का वाचन संध्या 4.30 बजे से प्रारंभ हो जाएगा, जो रात्रि 8.00 बजे तक चलेगा.
वहीं श्रीराम कथा आयोजन समिति के संरक्षक डॉक्टर रामेश्वर कुमार, डॉक्टर राम इकबाल गुप्ता, अध्यक्ष डॉक्टर राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉक्टर शरद चौधरी और संयोजक डॉक्टर रूपेश कुमार ने कलश यात्रा में सहभागिता निभानेवाले श्रद्धालुओं, नगरवासियों और पुलिस , स्वास्थ्य विभाग सहित जिला प्रशासन को सहयोग हेतु आभार जताते हुए 8 मार्च से शुरू होने वाली श्रीराम कथा के श्रवण हेतु श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक पधारने का निवेदन किया है और कहा है कि श्रद्धालुजन श्रीराम कथा के श्रवण के पुण्य के भागी बनें. कथा स्थल पर निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुगण के लिए सुविधा प्रदान करने के लिए श्रीराम सेवक दल और रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य भी मौजूद रहेंगे. (ब्यूरो रिपोर्ट).