सीवान : मैरवा में छः अवैध हॉस्पिटल व जांच केंद्र सील, गंभीर अनियमितताओं का खुलासा
सीवान || जिले के मैरवा प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न निजी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छः अस्पतालों एवं जांच केंद्रों को सील कर दिया. यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के आदेश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर आशुतोष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित प्रतिनियुक्त टीम द्वारा की गई.

बता दें कि सील किए गए प्रतिष्ठानों में साई हॉस्पिटल, मां मंजू हॉस्पिटल, जीवन ज्योति हॉस्पिटल, मां शारदा हॉस्पिटल, बिहार जांच घर एवं श्रीराधे डायग्नोस्टिक सेंटर शामिल हैं. जांच के दौरान इन संस्थानों में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से उन्हें सील करने का निर्णय लिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक जांच में पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान अवैध रूप से संचालित हो रहे थे. साथ हीं The Clinical Establishment (Registration and Regulation) Act, 2010 की धारा 11, 37, 38 आदि का स्पष्ट उल्लंघन किया गया था. इसके अतिरिक्त Bihar Clinical Establishment (Registration and Regulations) Rules 2013 में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं हो रहा था. इसके अलावें Clinical Establishments (Central Government) Rules, 2012 & Clinical Establishments (Central Government) Amendment Rules, 2018 में निर्धारित विनिर्दिष्ट सुविधाओं और सेवाओं के न्यूनतम मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. साथ हीं अयोग्य कर्मियों द्वारा उपचार, आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों का अभाव, अपशिष्ट प्रबंधन की कुव्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन इत्यादि गम्भीर अनियमितताएं पाई गई. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).