कैमूर : आपसी विवाद में दो भाईयों पर हमला, इलाज के दौरान एक की मौत
कैमूर/भभुआ || जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंगों ने दो भाइयों पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस दौरान एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई. मृतक की पहचान सुखदेव प्रसाद के रूप में हुई है, घटना की जानकारी होते ही पुलिस मामले की जांच जुट गई है.

बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह सुखदेव प्रसाद अपने भाई सूरज कुमार के साथ टहलने निकले थे, तभी पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया. इस हमले में सुखदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल रामगढ़ अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेज दिया, लेकिन वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
वहीं मृतक के भाई सूरज कुमार ने स्थानीय थाने में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस संबंध में रामगढ़ थाना अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).