Abhi Bharat

सीवान : इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले दिन अव्यवस्थाएं उजागर, डीएवी उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बिजली के झटके से दो फीमेल परीक्षार्थी घायल

सीवान || बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा सोमवार 2 फरवरी से पूरे राज्य में शुरू हो चुकी है. परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त कराने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर बिहार पुलिस की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त दिखाई दी. इसके बावजूद पहले हीं दिन कई केंद्रों पर अव्यवस्थाएं सामने आईं. शहर में जाम की समस्या के कारण कई परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर समय से नहीं पहुंच सके, जिससे अफरा-तफरी का माहौल रहा.

इसी क्रम में शहर के डीएवी उच्च विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर एक गंभीर घटना घटित हुई, जहां परीक्षा देने पहुंची दो छात्राएं बिजली के झटके से घायल हो गईं. मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक निर्देश के तहत परीक्षार्थियों को जूते निकालकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया जा रहा था. इसी दौरान विद्यालय परिसर में स्थित एक बिजली के खंभे की चपेट में आने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दूसरी छात्रा को भी झटका लगा. सबसे चिंताजनक बात यह रही कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था मौके पर मौजूद नहीं थी.

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों की मदद से घायल परीक्षार्थियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है. घायल छात्रा दरौली प्रखंड की रहने वाली बताई जा रही है. इस घटना ने परीक्षा केंद्रों पर विद्युत सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply