सीवान : सड़क दुर्घटना में 46 वर्षीया महिला की मौत, विरोध में लोगों ने किया सड़क जाम
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बड़हरिया-सीवान मुख्य मार्ग स्थित तीनभेड़िया खुर्द गांव के पास सोमवार की सुबह 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान तीनभेडीया खुर्द गांव निवासी राजेश पंडित की पत्नी कमलावती देवी के रूप में की गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमलावती देवी सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए मुख्य सड़क के किनारे जा रही थीं. इसी दौरान बड़हरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. वहीं
घटना की सूचना मिलते हीं परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोश में कुछ समय के लिए शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया. इसकी जानकारी बड़हरिया थाना और 112 पुलिस टीम को दी गई. सूचना मिलते हीं थानाध्यक्ष छोटन कुमार के निर्देश पर एसआई अमित कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया गया और यातायात बहाल कराया गया.

पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया कर रही थी, तब मृतका की बेटियों ने विदेश में रह रहे पिता के आने तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग की. बाद में स्थानीय मुखिया मुन्ना यादव और पुलिस द्वारा मृतका के पति राजेश पंडित से फोन पर बातचीत कर तीनों बेटियों की सहमति ली गई, जिसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया. बताया जाता है कि कमलावती देवी की तीन बेटियां हैं जिनकी उम्र लगभग 22, 20 और 18 वर्ष है. अभी किसी की भी शादी नहीं हुई थी. मां की अचानक मौत से तीनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार पर दुखों का पहाड़ इस वजह से भी टूट पड़ा है क्योंकि दो दिन पहले ही घर में एक श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ था. घटना की सूचना पर स्थानीय मुखिया मुन्ना यादव, शिक्षक हरेराम प्रसाद, पंकज बरनवाल सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है. (बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).