सीवान : भाजपा ने एसटी-एससी छात्रावास में छात्रों से मुलाकात कर सामाजिक समरसता का दिया संदेश
सीवान || शहर के वीएमएचई हाई स्कूल के प्रांगण में स्थित एसटी-एससी छात्रावास में शनिवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, विधायक करणजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह और भाजपा प्रदेश मंत्री नंदप्रसाद चौहान ने छात्रों से मुलाकात की और उनके साथ सहभोज किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी सौहार्द एवं समरसता को बढ़ावा देना था.

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब हम समाज के हर वर्ग, विशेषकर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास पर ध्यान दें. ऐसे प्रयास हीं हमारे देश को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बना सकते हैं. हमारा यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है. वहीं दारौंदा के विधायक करणजीत सिंह उर्फ ब्यास ने कहा कि आज का कार्यक्रम सिर्फ औपचारिकता नहीं था. इसका मकसद छात्रावास में रह रहे छात्रों से संवाद करना, उनकी आवश्यकताओं को समझना और उनके सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करना था. इसके साथ हीं सभी वर्गों के बीच आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना हमारा प्रमुख उद्देश्य था. हमें गर्व है कि भाजपा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में भाईचारे और सौहार्द का संदेश फैलाती है. भाजपा प्रदेश मंत्री नंदप्रसाद चौहान ने कहा कि भाजपा हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है. आज का सहभोज केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता और न्याय की भावना का स्पष्ट प्रमाण है. हम चाहते हैं कि हमारे समाज के सभी लोग समान अवसर पाएं और हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर प्रयास किया जाए.
कार्यक्रम के अंत में सभी भाजपा नेता और छात्रावास में रह रहे छात्रों ने सामूहिक भोजन किया, जिससे सामाजिक समरसता और सहयोग का जीवंत उदाहरण सामने आया. इस दौरान नेताओं ने छात्रों के साथ संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक सुविधाओं के महत्व पर मार्गदर्शन भी दिया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजय पांडेय, धनंजय सिंह, हरेंद्र सिंह कुशवाहा, सत्यम सिंह सोनू, चंद्र विजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी यादव, देवेंद्र गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, किरण गुप्ता, विजय चौधरी, अनुरंजन मिश्रा, पूनम गिरी, प्रेम मांझी, हीरालाल राम, सुभाष कुशवाहा, अजीत चौरसिया, सौरभ कुशवाहा, शैलेश कुमार, सत्येंद्र कुमार, अरविन्द कुमार, नितेश कुमार, मंजीत राम, ओम प्रकाश राम, मणिकांत राम, सुनील राम, अनुज राम, अरविन्द राम, पंकज राम व मुकेश राम इत्यादि लोग मौजूद रहें. (ब्यूरो रिपोर्ट).