Abhi Bharat

सीवान : पुरानी रंजिश में कुड़वा पंचायत के मुखिया समेत पांच घायल, चाकूबाजी की भी चर्चा

सीवान || बड़हरिया थाना क्षेत्र के कुड़वा पंचायत के कुड़वा गांव में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस घटना में मुखिया भट्टू सहित दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सीवान सदर अस्पताल में चल रहा है.

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे कुड़वा पंचायत के मुखिया अपने क्षेत्र के कुवही गांव के बिन टोली के पास बड़हरिया-सीवान मुख्य मार्ग किनारे बने नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान कुड़वा गांव निवासी जहांगीर आलम कर्बला बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे. बताया जाता है कि उनकी बाइक का झोला मुखिया की स्कॉर्पियो से सट गया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया.
घटना में मुखिया सहित पक्ष से तीन लोग घायल हुए, जबकि जहांगीर आलम के पक्ष से दो लोग जख्मी बताए जा रहे हैं. वहीं मौके पर मौजूद जोगिंदर बिन झगड़ा छुड़ाने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान किसी ने उनके पैर में चाकू मार दिया, जिससे वे भी घायल हो गए. इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने गांव कुड़वा लौट गए, जहां फिर से विवाद भड़क उठा और पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस दौरान चाकूबाजी की भी खबर है, जिसमें दोनों पक्षों से करीब पांच लोग और घायल हो गए.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जो इस घटना का कारण बनी.
इधर, मामले में बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलते ही मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. (सीवान के बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply