सीवान : होली के दिन हुए झगड़े को लेकर युवक को मारी गो’ली, गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
सीवान || जिले के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पपौर गांव में गुरुवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

मिली जानकारी के अनुसार, पपौर गांव निवासी रामलाल महतो का पुत्र मनु चौहान गुरुवार शाम शौच के लिए जा रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे दौड़ाकर गोली मार दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर हीं गिर पड़ा. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. वहीं घायल मनु चौहान के भाई धर्मेंद्र कुमार प्रसाद ने आरोप लगाया कि होली के दिन भी आरोपितों द्वारा उनके भाई के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें वह जख्मी हुए थे. उस समय पुलिस को शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना है कि यदि उस समय कार्रवाई होती तो यह घटना नहीं होती.
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).