सीवान : अवैध भूमि पर संचालित पेट्रोल पंप सील, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
सीवान || जिले के बड़हरिया प्रखंड के माधोपुर में संचालित मेसर्स शिबा पेट्रोलियम (इंडियन ऑयल) के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. यह पेट्रोल पंप गैर मजरूआ भूमि पर अवैध बंदोबस्त कराकर व्यावसायिक उपयोग किए जाने के आरोप में संचालित पाया गया, जो कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है. प्रशासनिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि पेट्रोल पंप का संचालन मुख्य सचिव, परिवहन विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक–3212 एवं पेट्रोलियम नियमावली 2002 के प्रावधानों के विरुद्ध किया जा रहा था. अवैध रूप से भूमि बंदोबस्त कर व्यवसायिक गतिविधि संचालित करना गंभीर नियम उल्लंघन की श्रेणी में आता है.
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के आदेश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी सीवान सदर आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. इस दौरान अंचल अधिकारी बड़हरिया, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बड़हरिया तथा थानाध्यक्ष बड़हरिया की उपस्थिति में उक्त पेट्रोल पंप को विधिवत सील कर दिया गया.
बता दें कि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों के उल्लंघन पर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).