Abhi Bharat

सीवान : सदर अस्पताल में भर्ती अज्ञात घायल की मौत के पांच दिनों बाद पहुंचे परिजन, पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए किया हंगामा

सीवान || जिले के सदर अस्पताल में सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की मौत के बाद पहचान में हुई देरी को लेकर शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया. मृतक की पहचान 35 वर्षीय सौरभ गुप्ता (मूल निवासी असम) के रूप में हुई है, जो होली मनाने के लिए अपने ससुराल आंदर ढाला आए थे.

मिली जानकारी के अनुसार, सौरभ गुप्ता 9 मार्च को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अज्ञात अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराए गए थे. जहां इलाज के दौरान 16 मार्च को उनकी मौत हो गई. अस्पताल प्रशासन द्वारा पहचान नहीं होने पर नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर दी गई. वहीं घटना के पांच दिन बाद, यानी 21 मार्च को परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान सौरभ गुप्ता के रूप में की. इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उनका कहना था कि उन्होंने पहले हीं थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, इसके बावजूद अस्पताल या पुलिस की ओर से उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई. साथ हीं उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि आखिर सौरभ को अस्पताल में किसने भर्ती कराया? परिजनों ने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की मांग की. उनका आरोप था कि यदि समय पर सूचना दी जाती तो शायद सौरभ की जान बचाई जा सकती थी या कम से कम वे अंतिम समय में उनके साथ होते.

वहीं हंगामे की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. पुलिस ने आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी, जिसमें अस्पताल के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच शामिल होगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply