Abhi Bharat

सीवान : कुख्यात खान ब्रदर्स गिरोह का मुख्य सरगना अयूब खान गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट मामले में मुजफ्फरपुर से हुई गिरफ्तारी

सीवान || जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी और खान ब्रदर्स के मुख्य सरगना अयूब खान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पिछले वर्ष दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित अयूब खान को सीवान पुलिस की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित हाजी कॉलोनी से गिरफ्तार किया है.

मिली जानकारी के अनुसार, सीवान जिले के सिसवन थाना में पिछले वर्ष आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अयूब खान की तलाश की जा रही थी. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था. इसी बीच गुप्त सूचना मिलने पर सीवान जिले के सिसवन थाना की पुलिस टीम मुजफ्फरपुर पहुंची और स्थानीय मिठनपुरा थाना पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद संयुक्त रूप से हाजी कॉलोनी इलाके में छापेमारी की गई, जहां से शातिर अपराधी अयूब खान को गिरफ्तार कर लिया गया.

वहीं सिवान के एसपी ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि सिसवन थाना में दर्ज पिछले वर्ष के आर्म्स एक्ट मामले में उसे मुजफ्फरपुर से पकड़ा गया है. पुलिस अब अयूब खान से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद कई और अहम खुलासे होने की संभावना है. बता दें कि इसके पूर्व गत विधान सभा चुनाव के पहले हीं पुलिस ने खान ब्रदर्स के सेकंड सरगना कुख्यात रईस खान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply